ब्यूरो चीफ: विनीत सिंह, सीतापुर
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की सिधौली तहसील में एंटी करप्शन टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एसडीएम कार्यालय में तैनात पेशकार अनुपम श्रीवास्तव को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से तहसील परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अटरिया थाना क्षेत्र के मऊ गांव निवासी चंद्रप्रकाश मिश्रा ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि उनका एक वाद सिधौली तहसील के एसडीएम न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि उक्त मामले में दाखिल-खारिज से जुड़ी आपत्ति को निरस्त करने के एवज में पेशकार अनुपम श्रीवास्तव द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने पूरी योजना के साथ जाल बिछाया। गुरुवार को तहसील परिसर में जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी पेशकार को एक लाख सात हजार रुपये की रिश्वत दी, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। टीम ने मौके पर ही जरूरी साक्ष्य जुटाए और आरोपी को अपने साथ लेकर चली गई।
इस घटना के बाद तहसील परिसर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का माहौल रहा। एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।




