ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी
सरदारपुर/धार। मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के पूर्व जिला सचिव अभिषेक गौर ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रदेश सरकार से वर्ष 2027 की जनगणना में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अनिवार्य बीमा लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में लगे शासकीय सेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि धार जिले के डही क्षेत्र के खेरकासालपुरा दसना में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक अशोक बर्मन जनगणना प्रशिक्षण लेने के लिए बुधवार को बाइक से डही जा रहे थे, इसी दौरान सड़क दुर्घटना में उनकी दुखद मृत्यु हो गई। इस घटना ने जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अभिषेक गौर ने कहा कि वर्तमान में जनगणना कार्य में संलग्न कर्मचारियों के लिए किसी प्रकार का बीमा प्रावधान नहीं है, जो कि अनुचित है। उन्होंने मांग की कि जैसे निर्वाचन कार्य के दौरान शासकीय सेवकों के लिए बीमा राशि का प्रावधान किया जाता है, उसी प्रकार जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी अनिवार्य बीमा लागू किया जाए, ताकि उनकी सामाजिक एवं पारिवारिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
इस मांग का समर्थन मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ जिला धार के अध्यक्ष प्रफुल्ल जोशी सहित संगठन के कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने किया। इनमें ऋतु नागिया, प्रजापाल सिंह चौहान, सूर्यभान सिंह सोलंकी, पवन महंत, सुरेंद्र सिंह सोलंकी, वीरेंद्र गिरासे, जसवंत सिंह रिंगनोदिया, प्रदीप धाकड़, प्रीतेश मालवीय, अनिल पाटीदार एवं बसंत राठौड़ सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।
संगठन ने प्रदेश सरकार से जल्द से जल्द इस दिशा में निर्णय लेने की मांग करते हुए कहा कि इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे सुरक्षित वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे।




