ब्यूरो चीफ: इमरान खान
आबूरोड। शहर के वार्ड 09 के पूर्व पार्षद इमामुद्दीन घोसी के नेतृत्व में मुस्लिम घौसी समाज के प्रतिनिधियों ने सामुदायिक भवन (नियाती नौहरा) निर्माण की मांग को लेकर महत्वपूर्ण पहल की है। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ एवं सांसद लुंबाराम चौधरी को ज्ञापन सौंपकर समाज के लिए उपयुक्त भूमि आवंटित करने की मांग की।
इस दौरान मोहम्मद हनीफ बेलिम (जिला उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा), रफीक भाई और मोहसिन खान भी मौजूद रहे। ज्ञापन में बताया गया कि मुस्लिम घौसी समाज पिछले करीब 150 वर्षों से आबूरोड में निवासरत है और वर्तमान में समाज के 1100 से अधिक मकान हैं, लेकिन इसके बावजूद समाज के पास कोई स्थायी सामुदायिक भवन या नियाती नौहरा उपलब्ध नहीं है।
समाज के लोगों ने बताया कि भवन के अभाव में विवाह, बैठकों, सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इमामुद्दीन घोसी ने कहा कि यदि समाज के लिए धर्मशाला या नियाती नौहरा का निर्माण किया जाता है, तो इससे समाज को सुविधाएं मिलने के साथ ही शहर में सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ज्ञापन में नगर पालिका से मांग की गई है कि नगर क्षेत्र में किसी उपयुक्त स्थान पर भूमि आवंटित की जाए, ताकि समाज के लिए स्थायी सामुदायिक भवन का निर्माण किया जा सके। साथ ही संभावित भूमि की सूची भी संलग्न की गई है, जिसमें पुरानी कोर्ट के पीछे स्थित नगरपालिका भूमि को भी प्रस्तावित किया गया है।
समाज के लोगों ने प्रशासन से इस जनहितकारी मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की उम्मीद जताई है।




