ब्यूरो चीफ: इमरान खान
आबू रोड। ब्राह्मण समाज आबूरोड द्वारा आयोजित सात दिवसीय परशुराम जयंती महोत्सव के छठे दिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन बड़े उत्साह और उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में समाज के सभी वर्गों—महिलाओं, बच्चों और युवाओं—ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सांस्कृतिक संध्या के दौरान सलाद प्रतियोगिता सहित कई आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। आयोजन प्रभारी गोपाल शर्मा, मोहित शर्मा और नवल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ दिलीप शर्मा, कमल मिश्रा, सुमित जोशी और प्रवक्ता गोपाल शर्मा द्वारा भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। प्रतियोगिताओं में करीब 350 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया।
विजेताओं को नगद पुरस्कार पूर्व अध्यक्ष स्व. राधेश्याम जोशी के परिवार की ओर से वितरित किए गए, वहीं पार्षद सुमित जोशी ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। प्रतियोगिता प्रभारी कल्पना छंगाणी, शकुंतला वाजपेयी, अलका शर्मा और मधु पांडे ने विभिन्न प्रतियोगिताओं की जानकारी देते हुए बताया कि महिला वर्ग के लिए क्विज, बच्चों की गायन प्रतियोगिता, हाउजी और फैशन शो जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में पर्यवेक्षक के रूप में मधु पांडे, गोपाल शर्मा, के.के. मिश्रा, आलोक गौड़, नवल शर्मा और हरीश शर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर नगर के जनप्रतिनिधियों सहित सैकड़ों समाजबंधु उपस्थित रहे।
हवन-पूजन व ध्वजारोहण के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न
महोत्सव के तहत रविवार सुबह ब्रह्म मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन का आयोजन किया गया। पंडित रवि शर्मा, पंडित मोहित मिश्रा और पंडित देवराज रामवतार शर्मा के सानिध्य में दोपहर 12 बजे तक यज्ञ संपन्न हुआ। इसके पश्चात अभिजीत मुहूर्त में विधिविधान से ध्वजा चढ़ाई गई।
ध्वजारोहण कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों और बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति रही। महिला-पुरुषों ने जोड़ों में बैठकर हवन में आहुतियां दीं। इस दौरान रामबाबू शर्मा, बाबूभाई रावल, सुमित जोशी, उमेश छंगाणी, कमल मिश्रा, गोपाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महोत्सव के सफल आयोजन से समाज में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित हुआ।




