ब्यूरो चीफ: इमरान खान
आबू रोड। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर सोमवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जयपुर से पहुंचे रेलवे चिकित्सा विभाग के उच्च अधिकारियों का DRUCC सदस्य एवं रेलवे पैसेंजर एसोसिएशन के अध्यक्ष बसंत कुमार प्रजापत के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान अधिकारियों को यात्रियों की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया गया।
बैठक के दौरान विशेष रूप से आबू रोड रेलवे स्टेशन पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने बताया कि स्टेशन पर अचानक किसी यात्री को हार्ट अटैक या अन्य गंभीर बीमारी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती, जिससे कई बार स्थिति गंभीर हो जाती है।
बताया गया कि आबू रोड एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन होने के साथ-साथ अंबाजी धाम, माउंट आबू और ब्रह्माकुमारी विश्वविद्यालय का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां प्रतिवर्ष लाखों यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में यहां आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय बना हुआ है।
सदस्यों ने मांग रखी कि स्टेशन पर स्थायी मेडिकल स्टोर की व्यवस्था की जाए, 24 घंटे डॉक्टर उपलब्ध हों तथा 24×7 एंबुलेंस सेवा सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत उपचार मिल सके।
इस अवसर पर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्यवाही का अनुरोध किया गया। रेलवे चिकित्सा विभाग के अधिकारियों ने इस मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए उच्च स्तर पर विचार कर आवश्यक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में सागरमल अग्रवाल, अंकित जैन, जितेंद्र वैष्णव, गोविंद कटारिया, सुनील सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अंत में सभी सदस्यों ने अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।




