ब्यूरो चीफ: अकलीम अहमद, अमेठी
अमेठी जनपद से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक ने सड़क पर पैदल जा रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार और पैदल चल रहा युवक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दादरा-हिंगलाज रोड की है। बताया जा रहा है कि बाइक की गति काफी तेज थी, जिसके चलते चालक नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे चल रहे युवक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीण तुरंत सहायता के लिए पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना पहुंचाया गया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।




