ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
राजगढ़। आपसी सद्भाव और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करते हुए ईद के मुबारक मौके पर राजगढ़ के मुस्लिम समाज ने गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
ईदगाह परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी समीर पाटीदार को ज्ञापन सौंपते हुए अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। ज्ञापन में समाज के लोगों ने कहा कि हिंदू समाज गाय को माता का दर्जा देता है और गाय के वध से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। समाज ने कहा कि वे सदैव हिंदू समाज के साथ सभी त्योहार आपसी सौहार्द, प्रेम और भाईचारे के साथ मनाते आए हैं तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाए रखना चाहते हैं।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि देश में आपसी सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए सभी समुदायों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना चाहिए। इसी भावना के तहत गाय को ‘राष्ट्र माता’ घोषित किए जाने की मांग की गई है।
इस अवसर पर मुस्लिम समाज के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इनमें शौकत, सदर काजी फारूक खान, कालू खान, दिलावर खान, बालू खान, रहूब हाजी, शकील खान, गुड्डू सदर और पिरू खान सहित अहले मुस्लिम समाज के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




