ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
बनेड़ा विधानसभा क्षेत्र को विकास के पथ पर अग्रणी बनाने और आमजन को सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय विधायक डॉ. लालाराम बैरवा लगातार प्रयासरत हैं। क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिकों की खुशहाली को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए विधायक बैरवा ने विभिन्न लोक कल्याणकारी कार्यों एवं आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण की प्रतिबद्धता दोहराई।
उपतहसील मुख्यालय रायला में आयोजित पेंशनर्स एसोसिएशन के प्रबुद्धजनों के साथ संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने क्षेत्र की विकास प्राथमिकताओं को प्रमुखता से रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आमजन को सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क को मजबूत किया जा रहा है।
विधायक ने बताया कि स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित किया जा रहा है। इसके साथ ही पेयजल संकट के स्थायी समाधान के लिए विभिन्न जल प्रबंधन परियोजनाओं को गति दी जा रही है, ताकि हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक संस्थानों में सुविधाओं के विस्तार एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विधायक बैरवा ने कहा कि “संकल्पित प्रयास, समृद्ध शाहपुरा” के ध्येय वाक्य के साथ उनका लक्ष्य क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि शाहपुरा-बनेड़ा क्षेत्र की जनता के सहयोग और विश्वास से विधानसभा क्षेत्र को एक आदर्श एवं मॉडल विधानसभा के रूप में विकसित करने की दिशा में तेजी से कार्य जारी रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के कई प्रबुद्धजन एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास के लिए विधायक द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।




