ब्यूरो रिपोर्ट: महेश पांडुरंग शेंडे
गडचिरोली। किसानों से लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर गडचिरोली जिले के चामोर्शी एवं गडचिरोली स्थित मक्का खरीद केंद्रों का विधायक मिलिंद नरोटे ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद प्रक्रिया, भंडारण व्यवस्था तथा सरकारी गोदामों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने मक्का खरीद केंद्रों पर किसानों को हो रही समस्याओं की जानकारी ली और मौके पर मौजूद किसानों से भी चर्चा की। उन्होंने खरीद प्रक्रिया में आ रही बाधाओं तथा भंडारण व्यवस्था की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
जांच के दौरान यह पाया गया कि उचित नियोजन और संसाधनों के बेहतर उपयोग से मक्का भंडारण के लिए अतिरिक्त स्थान उपलब्ध कराया जा सकता है। इस पर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे तत्काल प्रभाव से आवश्यक योजना तैयार कर अगले दो दिनों के भीतर मक्का भंडारण के लिए पर्याप्त गोदाम उपलब्ध कराएं।
विधायक नरोटे ने अधिकारियों को मक्का खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबे समय तक प्रतीक्षा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने ट्रैक्टरों की लंबी कतारों को कम करने और खरीद प्रक्रिया को सुचारु एवं पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि कहीं अनियमितता या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा के जिला महासचिव रत्नदीप पाटिल म्हाशाखेत्री, विलास खेवले तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विधायक को खरीद केंद्रों की वर्तमान स्थिति और व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
किसानों ने उम्मीद जताई कि विधायक के हस्तक्षेप और प्रशासनिक निर्देशों के बाद मक्का खरीद प्रक्रिया में सुधार होगा तथा उन्हें समय पर अपनी उपज बेचने की सुविधा मिल सकेगी।




