जिला ब्यूरो: असलेखा चौरिया
छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश की राजनीति में बयानबाज़ी का दौर तेज हो गया है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि किसी को विकास कार्य देखने हैं तो छिंदवाड़ा आना चाहिए।
कमलनाथ ने कहा कि छिंदवाड़ा में हुए अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य उनकी सरकार और उनके प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने मेडिकल कॉलेज की स्थापना, सिमरिया में बजरंगबली की विशाल प्रतिमा सहित कई प्रमुख परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने जिले के विकास को नई दिशा दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार विकास के बजाय केवल दावे कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख और समझ रही है तथा उचित समय आने पर इसका जवाब भी देगी।
कमलनाथ ने कहा कि छिंदवाड़ा हमेशा विकास के मॉडल के रूप में जाना जाता रहा है और यहां के कार्य स्वयं इसकी गवाही देते हैं। उनके बयान के बाद प्रदेश की राजनीतिक सरगर्मियां और तेज हो गई हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी माहौल को देखते हुए भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर आने वाले समय में और तीखा हो सकता है।




