ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 1 जून। वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत रविवार को झुंझुनूं स्थित समस तालाब पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने तालाब परिसर की साफ-सफाई कर जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। साथ ही तालाब के आसपास वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पीपल पूजन एवं जल पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भाम्बू ने कहा कि जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को जल स्रोतों की रक्षा, वर्षा जल संचयन और जल बचाने की दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसहभागिता से सफल होने वाला सामाजिक अभियान है। उन्होंने आमजन से जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने, जल बचाने तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुरुषोत्तम धानका, अभियान के जिला समन्वयक विशम्भर पूनियां, जिला सहयोजक राकेश शर्मा, एसीईओ रामनिवास, नगर परिषद आयुक्त देवीलाल बोचल्या, दलीप सैनी, विजय सैनी, जयप्रकाश सैनी, चंद्र प्रकाश शुक्ला, कमलकांत शर्मा, कुलदीप पूनियां एवं रामकरण सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान उपस्थित जनसमूह ने जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम ने जल बचाओ और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




