ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी, झुंझुनूं
उरई (जालौन), 2 जून। लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर उरई नगर में भव्य कार्यक्रम एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। महाकवि कालिदास उच्च माध्यमिक विद्यालय, लहरिया पुरवा से प्रारंभ हुई रैली में समाजसेवियों, पाल समाज एवं सर्वसमाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
रैली में सैकड़ों की संख्या में बाइक एवं ट्रैक्टर शामिल रहे। नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर व्यापारियों एवं समाजसेवियों द्वारा पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष एवं समाजसेवी पूजा शुक्ला ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन एवं उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महान वीरांगना, कुशल प्रशासक एवं जनकल्याणकारी शासक थीं।
उन्होंने बताया कि 31 मई 1725 को चौंडी गांव में जन्मी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने अद्वितीय नेतृत्व, न्यायप्रियता और लोकहितकारी कार्यों के माध्यम से भारतीय इतिहास में अमिट पहचान बनाई। माहेश्वर को राजधानी बनाकर उन्होंने जनकल्याण एवं धार्मिक स्थलों के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए। उनके द्वारा देशभर में कई प्रसिद्ध मंदिरों एवं तीर्थस्थलों का निर्माण और जीर्णोद्धार कराया गया, जिनमें काशी विश्वनाथ मंदिर और सोमनाथ मंदिर प्रमुख हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को अपनाने तथा समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। रैली के दौरान “लोकमाता अहिल्याबाई अमर रहें” के जयघोष से पूरा नगर गूंज उठा।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, होल्कर महासभा जिला अध्यक्ष अनिल पाल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मांडवी पाल, भाजपा पिछड़ा मोर्चा आयोग सदस्य बाबा बालक दास पाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष पूजा शुक्ला (कुठौंद), नर्विदा गौतम, राम सोनी, सांसद नारायण दास अहिरवार, सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष रश्मि पाल, रिंकू पाल, अजय पाल, विनय कुमार पाल सहित पाल एवं बघेल समाज के प्रतिनिधियों तथा सर्वसमाज के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति की उपस्थिति रही।




