ब्यूरो चीफ: विनीत सिंह
रेउसा (सीतापुर), सोमवार। कस्बे के बिसवां रोड स्थित ऑटो मोबाइल पार्ट्स व फोर-व्हीलर रिपेयरिंग की दो दुकानों में सोमवार सुबह करीब 7 बजे अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दोनों दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकानों के पीछे पड़े कूड़े के ढेर में किसी द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। यही आग धीरे-धीरे फैलकर दुकानों तक पहुंच गई। घटना के समय दोनों दुकानें बंद थीं, जिससे आग तेजी से फैल गई और भारी नुकसान हो गया।
सूचना मिलते ही रेउसा थाना प्रभारी हनुमंत लाल तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को बुलाया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।
दुकानदार शफीक और फैजान ने बताया कि वे पहले भी कई बार सफाई कर्मियों को कूड़ा कहीं और डालने और आग न लगाने की चेतावनी दे चुके थे। उनका कहना है कि अक्सर दिन में कूड़े में आग लगा दी जाती थी, जिसे वे समय रहते बुझा देते थे, लेकिन इस बार सुबह दुकानों के बंद होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
पीड़ित दुकानदारों के अनुसार, इस हादसे में करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा।




