ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी
खण्डार (सवाई माधोपुर)। बढ़ती महंगाई, किसानों की समस्याओं और अन्य जनहित मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को ब्लॉक अध्यक्ष रामजीलाल गुर्जर के नेतृत्व में तहसील कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार जयप्रकाश रोलन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश सरकार पर विभिन्न मोर्चों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों से आमजन का जीवन प्रभावित हो रहा है। महंगाई के कारण घरेलू बजट बिगड़ गया है और लोगों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कृषि सीजन के दौरान किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, जिससे खेती-किसानी प्रभावित हो रही है और किसानों में चिंता का माहौल है।
ज्ञापन में नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसके अलावा बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य, महंगाई और किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को भी ज्ञापन में शामिल किया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष रामजीलाल गुर्जर ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी और मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार आमजन, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों का शीघ्र समाधान करे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं के निराकरण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो कांग्रेस पार्टी जनहित में अपने आंदोलन को और तेज करेगी।
ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार से जनसमस्याओं के समाधान हेतु प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। इस अवसर पर पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




