ब्यूरो रिपोर्ट: परमजीत शर्मा, मानसा
भीखी तहसील में स्थित सती माता मंदिर परिसर में आज नौजवान ब्राह्मण सभा द्वारा भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में निमंत्रण पत्र जारी किया गया। इस अवसर पर सभा के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 18 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहरभर के श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान साधु-संतों एवं विद्वान पंडितों की विशेष उपस्थिति रहेगी, जो श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे। शोभायात्रा के दौरान भगवान परशुराम की दिव्य ज्योति के साथ हवन-यज्ञ किया जाएगा और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना के साथ शहर की परिक्रमा की जाएगी। यह यात्रा पुनः सती माता मंदिर भवन में पहुंचकर दिव्य ज्योति के विश्राम के साथ संपन्न होगी।
सभा के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम में ध्वजारोहण के साथ नौजवान ब्राह्मण समाज की अगुवाई में धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। इसके पश्चात रामचरितमानस का पावन पाठ प्रारंभ होगा, जिसका समापन 19 अप्रैल को संगीतमय कथा के साथ किया जाएगा।
कथा प्रवचन के लिए शिरोमणि पंडित श्याम लाल जी शास्त्री (पन्नीवाला, सिरसा) विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे, जो अपनी मधुर वाणी से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे।
इस अवसर पर सभा अध्यक्ष जसबीर पेंटर, महामंत्री नवदीप ऋषि एवं मदन लाल ऋषि ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




