ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
शाहपुरा में अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में समाजसेवी नरेश व्यास ने महिला शिक्षा को समाज के विकास की आधारशिला बताते हुए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति महिला शिक्षा पर निर्भर करती है।
इस दौरान नरेश व्यास ने शाहपुरा और फुलिया ब्लॉक क्षेत्र में वंचित समाज की प्रतिभावान एवं आर्थिक रूप से कमजोर बालिकाओं की उच्च शिक्षा के लिए 51 हजार रुपए की सहयोग राशि देने की घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बालिका की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए।
इस सराहनीय पहल पर अंबेडकर विचार मंच संस्थान द्वारा समाजसेवी नरेश व्यास का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मंच ने उनके विचारों को सामाजिक समरसता और शिक्षा के प्रति सकारात्मक प्रेरणा का प्रतीक बताया।
अंबेडकर विचार मंच के जिला अध्यक्ष सुरेश चंद्र घुसर ने जानकारी देते हुए कहा कि संस्थान लगातार समाज के बालक-बालिकाओं की शिक्षा को सशक्त और उन्नत बनाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि नरेश व्यास जैसे भामाशाहों का सहयोग इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाएगा।
कार्यक्रम में अंबेडकरवादी विचारधारा से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजजन उपस्थित रहे।




