ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
भीलवाड़ा। समाज में बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गुर्जर समाज सुधार कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने समाज में बढ़ रहे मृत्युभोज, अफीम सेवन, बेटियों के सौदे, गैंग बनाकर की जा रही अवैध वसूली तथा बाल विवाह जैसी गंभीर समस्याओं पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
कमेटी के जिलाध्यक्ष नारायण लाल भडाणा ने कहा कि समाज में फैली कुरीतियां और कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा गैंग बनाकर की जा रही अवैध वसूली पूरे गुर्जर समाज की छवि को धूमिल कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज सुधार के लिए ऐसे तत्वों पर कठोर कार्रवाई आवश्यक है और इन्हें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ज्ञापन में समिति ने मांग की कि बाल विवाह, दहेज उत्पीड़न, एनडीपीएस एक्ट के उल्लंघन तथा जबरन वसूली जैसे मामलों में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही थाना स्तर पर विशेष टीमों का गठन कर इन कुरीतियों और आपराधिक गतिविधियों पर नियमित निगरानी रखने की व्यवस्था की जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग रखी कि समाज में कानून का राज स्थापित किया जाए ताकि पीड़ित परिवार बिना किसी भय के अपनी शिकायतें पुलिस के समक्ष दर्ज करवा सकें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा तथा शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
गुर्जर समाज सुधार कमेटी ने बताया कि समाज में जागरूकता बढ़ाने और कुरीतियों के उन्मूलन के लिए जन-जागृति अभियान भी शुरू किया गया है। अभियान के माध्यम से लोगों को सामाजिक बुराइयों से दूर रहने, कानून का पालन करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।




