ब्यूरो रिपोर्ट: ज्ञानेंद्र इंदौरकर
छिंदवाड़ा। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर के आसपास के क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान भारी मात्रा में महुआ लहान एवं हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची शराब बरामद कर नष्ट की गई।
आबकारी विभाग की टीम ने रंगीन खापा, लकड़ाई, जम्होड़ी तथा गंगई रोना क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण के संभावित ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की। तलाशी अभियान के दौरान घरों, नालों एवं डैम किनारे संचालित अवैध शराब अड्डों से चार चालू भट्ठियां तथा लगभग 12 हजार किलो महुआ लहान बरामद किया गया। बरामद महुआ लहान को नियमानुसार मौके पर ही नष्ट किया गया।
इसके अलावा विभिन्न स्थानों से 120 लीटर हाथ भट्टी से तैयार कच्ची शराब भी जब्त की गई। मामले में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल छह प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कार्रवाई का नेतृत्व सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री जी.एल. मरावी के मार्गदर्शन में किया गया। अभियान में कु. भारती गौड़, वासुदेवाचार्य त्रिपाठी, आबकारी उप निरीक्षक जीत सिंह, नरेंद्र कुमार नागेश, सुश्री पूर्णिमा बरकड़े सहित आबकारी विभाग के मुख्य आरक्षक एवं आरक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




