ब्यूरो रिपोर्ट: प्रहलाद जणवा
छोटीसादड़ी। महिला कांस्टेबल सोहन कुंवर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर मंगलवार को करणी सेवा संस्थान एवं सर्व समाज के आह्वान पर छोटीसादड़ी नगर स्वैच्छिक रूप से बंद रहा। नगर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रखकर आंदोलन को समर्थन दिया।
इस दौरान क्षत्रिय समाज सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और सर्व समाज के बड़ी संख्या में लोग महाराणा प्रताप सर्कल पर एकत्रित हुए। वहां से जुलूस के रूप में पैदल मार्च करते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने महिला कांस्टेबल की मौत के मामले में निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा।
जुलूस के दौरान लोगों ने न्याय की मांग करते हुए नारेबाजी की और मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि महिला कांस्टेबल की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब निष्पक्ष जांच से ही मिल सकता है। उन्होंने प्रशासन से मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाने की मांग की।
नगर बंद के दौरान बाजार पूरी तरह बंद रहे और आमजन ने भी आंदोलन को समर्थन दिया। ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।




