ब्यूरो रिपोर्ट: रामजनम तिवारी, बलरामपुर
गोण्डा, 16 अप्रैल 2026।
जनपद गोण्डा में सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। सरयू परियोजना-प्रथम, संगठन अयोध्या के अंतर्गत पंचदशम सिंचाई कार्य मंडल गोण्डा द्वारा सरयू नहर खंड-4 में पायरकोहना माइनर एवं नेतुआ माइनर का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसील मनकापुर के ग्राम सहजलपुर स्थित पायरकोहना माइनर तथा ग्राम पतिजिया खुर्द के नेतुआ माइनर के दो गाटों पर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई गई। अधिशासी अभियंता दुर्गेश गर्ग ने बताया कि दोनों माइनर अब पूरी तरह गैप मुक्त हो चुकी हैं और आगामी खरीफ फसल सीजन में इनका संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादन में भी वृद्धि की उम्मीद है।
इस महत्वपूर्ण कार्य को सफलतापूर्वक पूरा करने में सहायक अभियंता आकाश राय, शिवानंद मिश्र, के.एन. तिवारी सहित अवर अभियंताओं और राजस्व कर्मियों की अहम भूमिका रही। वहीं परियोजना के सुचारु क्रियान्वयन में जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा।
अधिशासी अभियंता ने इस सहयोग के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा का आभार व्यक्त किया है।




