ब्यूरो रिपोर्ट: महेश पांडुरंग शेंडे
गढ़चिरौली। विश्व तंबाकू निषेध दिवस एवं विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर गढ़चिरौली में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम (सामान्य अस्पताल, गढ़चिरौली) तथा पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों ने भाग लिया।
यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक (प्रशासन) गोकुल राज तथा जिला शल्य चिकित्सक डॉ. वर्षा लहाड़े के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य पुलिस कर्मियों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा उनके स्वास्थ्य की नियमित जांच सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की मौखिक स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप एवं मधुमेह परीक्षण किए गए। साथ ही तंबाकू और तंबाकू जन्य पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक दुष्प्रभावों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। शिविर में कुल 150 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रभारी पुलिस उप अधीक्षक (गृह) स्वप्निल इज्जपवार ने पुलिस कर्मियों से तंबाकू और नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए नशामुक्त जीवनशैली अपनाना आवश्यक है।
जिला सलाहकार (एनटीसीपी) डॉ. प्रेरणा राउत ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी दी। वहीं नैदानिक मनोवैज्ञानिक श्री खैरकर ने नशे की लत के मानसिक प्रभावों और नशामुक्ति में मानसिक सशक्तिकरण की भूमिका पर प्रकाश डाला।
चिकित्सकीय जांच के दौरान डेंटल हाइजिनिस्ट रीना मेश्राम और खेमचंद वाढई ने मौखिक स्वास्थ्य परीक्षण किया। तंबाकू की लत से प्रभावित कर्मचारियों की मीना दिवटे द्वारा काउंसलिंग की गई। वहीं राहुल चावरे, वैशाली बोबाटे, शीतल कालबांधे और भूपेश दरडमारे ने रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पुलिस कल्याण शाखा के प्रभारी अधिकारी नरेंद्र पिवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। स्वास्थ्य विशेषज्ञों और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने इस पहल को पुलिस बल के कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास बताया।




