ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी, झुंझुनूं
जिले में पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय महाविद्यालय उदयपुरवाटी एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जहाज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत (आरपीएस) के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी महावीर सिंह (आरपीएस) के सुपरविजन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का संचालन पुलिस थाना उदयपुरवाटी के थानाधिकारी रामपाल मीणा द्वारा किया गया। इस दौरान शिक्षण संस्थानों में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव, साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों तथा नए कानून प्रावधानों के संबंध में भी जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने महिला गरिमा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930 एवं आपातकालीन सेवा 112 के उपयोग के बारे में जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
साथ ही राजकॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड कर उसकी सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से जागरूक नागरिक बनकर समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया गया।




