ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
बदनावर। क्षेत्र के ग्राम तिलगारा में युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से आधुनिक आईटीआई भवन एवं छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के लिए 15 करोड़ 1 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है, जिससे क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण कार्य को साकार करने में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव के प्रयासों की अहम भूमिका रही है। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा स्वीकृत इस परियोजना का निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है।
प्रस्तावित आईटीआई भवन में 6 ट्रेड की आधुनिक वर्कशॉप बनाई जाएंगी, जिनमें इलेक्ट्रिशियन, फैशन डिजाइनिंग, मशीनरी सहित अन्य तकनीकी ट्रेड्स का प्रशिक्षण युवाओं को दिया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण के लिए आवश्यक उपकरणों की भी व्यवस्था की जाएगी।
छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए 30-30 सीट वाले बालक एवं बालिका छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा परिसर में 1 एफ-टाइप, 2 एच-टाइप और 4 आई-टाइप आवासीय क्वार्टर भी बनाए जाएंगे, जिससे स्टाफ के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी।
ज्ञात हो कि वर्ष 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तिलगारा में आईटीआई कॉलेज की घोषणा की थी। इसके बाद फिलहाल गांव के शासकीय स्कूल भवन में कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। लंबे समय से स्थायी भवन और छात्रावास की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
इस सौगात पर पूर्व मंत्री दत्तीगांव ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, तकनीकी शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार तथा कौशल विकास एवं रोजगार विभाग मंत्री गौतम टेटवाल का आभार व्यक्त किया है।
जानकारी भाजपा के जिला सह-मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी कवि द्वारा दी गई। क्षेत्रवासियों का मानना है कि इस परियोजना के पूर्ण होने से स्थानीय युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा मिलेगी और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।




