ब्यूरो रिपोर्ट: रामजनम तिवारी, बलरामपुर
बेलसर (गोंडा)।
राजकीय अनुसूचित जाति छात्रावास बेलसर में भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं महान समाज सुधारक भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य बेलसर प्रथम श्री रविन्द्र कुमार पांडेय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर एवं श्रद्धा सुमन अर्पित कर की गई। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में संविधान की मूल भावना पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, समानता और सामाजिक न्याय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित छात्राओं को दी और उनसे इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व प्रधानाचार्य श्री अजीत प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने अपने संबोधन में बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में छात्रावास अधीक्षक सत्यदेव तिवारी, के.के. पांडेय, सरजू प्रसाद चौबे, अजय चौबे, हनुमंत लाल शुक्ला सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहब के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में छात्रावास की छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और बाबा साहब के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का संदेश दिया। पूरे आयोजन का वातावरण श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण रहा।




