ब्यूरो रिपोर्ट: परमजीत शर्मा, मानसा
चंडीगढ़। पंजाब सरकार द्वारा बुलाई गई कैबिनेट सब-कमेटी की अहम बैठक में मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन, पंजाब (रजि. 295) के राज्य स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। यह बैठक पंजाब भवन, चंडीगढ़ में आयोजित हुई, जिसमें वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलवीर सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश अध्यक्ष धन्ना मल्ल गोयल की अगुवाई में पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल में चेयरमैन एच.एस. राणू, सरंक्षक सुरजीत सिंह (लुधियाना) और जिला मोहाली के अध्यक्ष बलवीर सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल थे। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के प्रिंसिपल सचिव कुमार राहुल, स्पेशल सेक्रेटरी फाइनेंस अजय अरोड़ा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। एसोसिएशन ने सरकार के समक्ष अपना मांग पत्र और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए मांग रखी कि प्रैक्टिशनर्स के लिए एक संक्षिप्त ब्रिज कोर्स शुरू किया जाए, जिससे उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अधिकृत हेल्थ केयर प्रोवाइडर के रूप में मान्यता मिल सके।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस पहल से इस पेशे से जुड़े लाखों लोगों का स्वरोजगार सुरक्षित रहेगा, साथ ही आम जनता को सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहेंगी। इसके अलावा, सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और ‘घर-घर रोजगार’ जैसे उद्देश्यों को भी बल मिलेगा।
कैबिनेट सब-कमेटी ने प्रस्तुत दस्तावेजों पर गंभीरता से विचार करते हुए वित्त मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग कोर्स को जल्द शुरू करने की योजना बनाई जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में कार्यरत लगभग डेढ़ लाख हेल्थ केयर प्रोवाइडर्स के रोजगार और सम्मान को बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि हाल ही में एसोसिएशन द्वारा संगरूर में एक ऐतिहासिक रैली का आयोजन किया गया था, जिसके बाद 16 अप्रैल को इस बैठक का समय तय किया गया था। बैठक के बाद एसोसिएशन की राज्य नेतृत्व टीम ने सरकार और अधिकारियों का धन्यवाद जताया।
जारीकर्ता:
धन्ना मल्ल गोयल
प्रदेश अध्यक्ष, मेडिकल प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन, पंजाब (रजि. 295)
मुख्यालय: टीवी टावर के पास, बठिंडा
मो.: 98726-67299




