ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी, धार (मध्य प्रदेश)
कारोदा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कारोदा ने एक बार फिर उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय का 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम लगातार कई वर्षों से श्रेष्ठ रहा है और इस वर्ष भी दोनों कक्षाओं में 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया गया।
विद्यालय की परीक्षा प्रभारी रजनी कुशवाह ने जानकारी देते हुए बताया कि कक्षा 12वीं में सभी 28 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। इनमें 23 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी और 5 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। साथ ही 10 विद्यार्थियों ने शासन की लैपटॉप योजना के लिए पात्रता हासिल की।
कक्षा 12वीं में छात्रा आरती प्रभुलाल चौधरी ने 88.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया और स्कूटी योजना के लिए पात्र बनीं। वहीं छात्र शिवराज सिंह पंवार ने 76.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूटी योजना के लिए पात्रता प्राप्त की।
इसी प्रकार कक्षा 10वीं में भी सभी 38 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 32 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी और 6 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी प्राप्त की। कक्षा 10वीं की छात्रा जयमाला अटोलिया ने 82.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य जितेन्द्र पांचाल ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन, लोक शिक्षण संचालनालय से प्राप्त अध्ययन सामग्री, शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों की मेहनत के कारण विद्यालय लगातार बेहतर परिणाम दे रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी 10 विद्यार्थियों को लैपटॉप योजना का लाभ मिला है, जिसके तहत 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक छात्र को ₹25,000 की राशि प्रदान की जाती है।
विद्यालय परिवार ने इस उल्लेखनीय सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए स्कूटी योजना के लिए पात्र विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




