ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
भीलवाड़ा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर धर्मनगरी भीलवाड़ा में पहली बार सप्त दिवसीय विष्णु-लक्ष्मी महायज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। शहर के छोटी हरणी स्थित हनुमान टेकरी के काठियाबाबा आश्रम में 8 जून से प्रारंभ होकर 14 जून तक चलने वाले इस महायज्ञ को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
आयोजन महंत बनवारीशरण काठियाबाबा के सान्निध्य में संपन्न होगा, जबकि महायज्ञ के यज्ञाचार्य वृंदावन धाम के विद्वान आचार्य श्री मुकेश अवस्थी महाराज होंगे। महायज्ञ के साथ-साथ प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से वृंदावन के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भक्तिमय रासलीला का मंचन भी किया जाएगा।
आश्रम परिसर में विशाल पांडाल का निर्माण किया जाएगा, जहां प्रतिदिन श्रद्धालु एवं यजमान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां प्रदान करेंगे। आयोजन समिति के अनुसार महायज्ञ में 111 कलशों का लक्ष्मी स्रोत से विशेष सिद्धिकरण किया जाएगा तथा पूर्णाहुति के पश्चात यजमानों को लक्ष्मी कलश प्रदान किए जाएंगे।
महंत बनवारीशरण काठियाबाबा ने बताया कि विशेष औषधीय सामग्री से संपन्न होने वाला यह महायज्ञ धन-समृद्धि, ऋण मुक्ति, रोग नाश एवं राष्ट्र कल्याण की भावना को समर्पित रहेगा। महायज्ञ के शुभारंभ पर 8 जून को प्रातः 8 बजे श्री चारभुजानाथ मंदिर, छोटी हरणी से यज्ञ मंडप तक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके पश्चात यज्ञ मंडप प्रवेश, देव स्थापना, पूजन एवं अग्नि मंथन के साथ यज्ञ प्रारंभ होगा।
महायज्ञ के अंतर्गत 9 जून को गुड़, केसर, अनार, हरिद्रा सहित विभिन्न पवित्र द्रव्यों से विशेष हवन किया जाएगा। आयोजन की पूर्णाहुति 14 जून को अभिजीत मुहूर्त में संपन्न होगी, जिसके बाद महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
महंत ने बताया कि आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में छोटी हरणी के ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं का भी भरपूर सहयोग प्राप्त हो रहा है।
आयोजन समिति ने अधिकाधिक श्रद्धालुओं से महायज्ञ एवं रासलीला में भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।




