ब्यूरो रिपोर्ट: शहरीयार अहमद, अमेठी
गौरीगंज। क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए Rakesh Pratap Singh ने विभिन्न नवनिर्मित संपर्क मार्गों एवं विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
लोकार्पित परियोजनाओं में मानशाहपुर के मजरे पूरे हरदत्त पाण्डेय संपर्क मार्ग का नवनिर्माण प्रमुख रहा। इस मार्ग की लंबाई 1.05 किलोमीटर है तथा निर्माण कार्य पर 79.49 लाख रुपये की लागत आई है।
इसके अलावा पूरे पहलवानपुर शक्ति बाबा से प्राथमिक पाठशाला दादरा तक संपर्क मार्ग का भी लोकार्पण किया गया। 2.03 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के निर्माण पर 159.26 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
वहीं कादूनाला थौरी मार्ग से राम निहाल दूबे का पुरवा तक संपर्क मार्ग का निर्माण भी पूर्ण हो गया है। 1.250 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 92.94 लाख रुपये की लागत आई है।
इस अवसर पर Rakesh Pratap Singh ने कहा कि क्षेत्र में सड़क नेटवर्क को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा, लोगों के समय की बचत होगी तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में काफी राहत मिलेगी।




