जिला ब्यूरों: चंचलेश इन्दौरकर, छिंदवाड़ा
बिछुआ। आदिवासी विकासखंड बिछुआ में किसानों को खाद उपलब्ध नहीं होने से आक्रोश बढ़ता जा रहा है। खाद वितरण में हो रही देरी और ई-टोकन मिलने के बावजूद खाद नहीं मिलने से नाराज सैकड़ों किसानों ने सोमवार को जनपद पंचायत अध्यक्ष सतीश भलावी के नेतृत्व में तहसीलदार न्यायालय कार्यालय के सामने शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया।
किसानों ने आरोप लगाया कि शासन द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के तहत ई-टोकन प्राप्त करने के बाद भी उन्हें खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। खाद के लिए कई दिनों से केंद्रों के चक्कर लगाने के बावजूद उन्हें निराशा हाथ लग रही है, जिससे खरीफ सीजन की बोनी प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
टोकन मिलने के बाद भी नहीं मिल रही खाद
धरने में शामिल किसानों ने बताया कि वे दूर-दराज के गांवों से खाद लेने के लिए आ रहे हैं, लेकिन हर बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। किसानों का कहना है कि खेती का महत्वपूर्ण समय निकलता जा रहा है और समय पर खाद नहीं मिलने से फसलों के उत्पादन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
किसानों के समर्थन में उतरे जनपद अध्यक्ष
किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत बिछुआ अध्यक्ष सतीश भलावी स्वयं किसानों के साथ धरने पर बैठे। उन्होंने प्रशासन से तत्काल खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में सुधार करने की मांग की। इस दौरान किसानों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जताई।
सतीश भलावी ने कहा कि किसान पहले से ही प्राकृतिक चुनौतियों और बढ़ती लागत से परेशान हैं। ऐसे में खाद जैसी आवश्यक सामग्री समय पर उपलब्ध नहीं होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग की।
अधिकारियों ने दिया आश्वासन
धरने की सूचना मिलते ही तहसीलदार एवं कृषि विस्तार अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि खाद वितरण से जुड़ी तकनीकी एवं व्यवस्थागत समस्याओं को शीघ्र दूर कर सभी पात्र किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही खाद की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
धरना प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र के अनेक किसान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।




