ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी
धार। वन विभाग ने वन भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मांडव वन परिक्षेत्र में लगभग 5 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया है। यह कार्रवाई वन मण्डलाधिकारी विजयानंथन टी.आर. के मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र मांडव अंतर्गत सबरेंज लवानी के कक्ष क्रमांक 244 में दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर की गई।
वन विभाग के अनुसार 1 एवं 2 जून 2026 को संचालित अभियान के दौरान वन भूमि पर किए गए अवैध कब्जों और अतिक्रमण के प्रयासों को हटाते हुए करीब 5 हेक्टेयर भूमि को पुनः वन विभाग के नियंत्रण में लिया गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों द्वारा बनाई गई अस्थायी संरचनाओं को भी हटाया गया।
वन अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान वन संरक्षण एवं वन भूमि पर अवैध कब्जों को रोकने के उद्देश्य से चलाया गया। कार्रवाई वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्रीय अमले की उपस्थिति में नियमानुसार एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
विभाग ने अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि का तत्काल सीमांकन कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि भविष्य में दोबारा किसी प्रकार का अवैध कब्जा न हो सके। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए इस भूमि पर सघन वृक्षारोपण एवं संरक्षण कार्य किए जाएंगे।
वन विभाग का कहना है कि मुक्त कराई गई भूमि पर पौधारोपण कर हरित क्षेत्र का विस्तार किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र में पारिस्थितिक संतुलन मजबूत होगा।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा वन संपदा की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे।




