ब्यूरो रिपोर्ट: विजय द्विवेदी
धार। कलेक्टर राजीव रंजन मीना के निर्देश एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश के आदेशानुसार खाद्य सुरक्षा प्रशासन जिला धार द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान दो खाद्य कारोबारी बिना लाइसेंस व्यापार करते पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार प्रकरण दर्ज किए गए। साथ ही छह प्रतिष्ठानों से कुल 13 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए हैं।
बिना लाइसेंस व्यापार पर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा दल ने ग्राम रेशमगारा, तहसील बदनावर स्थित नानेश किराना का निरीक्षण किया। यहां संचालक गिरधारीलाल पाटीदार बिना लाइसेंस खाद्य व्यापार करते पाए गए। मौके पर बिना लाइसेंस व्यापार का प्रकरण बनाते हुए ‘निधि ब्रांड’ मिर्च पाउडर एवं ‘बसंत ब्रांड’ हल्दी पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए।
इसी प्रकार अणु नगर, बदनावर स्थित महावीर ट्रेडर्स के निरीक्षण के दौरान भी खाद्य लाइसेंस नहीं पाया गया। प्रभारी विक्रेता सौरभ जैन के विरुद्ध बिना लाइसेंस व्यापार का प्रकरण दर्ज किया गया। निरीक्षण के दौरान परिसर में खड़े दो वाहनों में रखे चावल के नमूने लिए गए तथा लगभग 27 टन चावल जब्त कर विक्रेता की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया गया।
इसके अलावा विजय ट्रेडर्स, बदनावर से स्प्राइट लेमन एंड मिंट कोल्ड ड्रिंक का नमूना भी जांच के लिए लिया गया।
मनावर क्षेत्र में भी सघन निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मनावर क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
बालाजी बेकरी एंड कैफे से लाल गुलाब सुपरफाइन मैदा, बेकिंग पाउडर, कॉन्टिनेंटल सॉस एवं चॉकलेट केक के नमूने लिए गए। जय माताजी जूस सेंटर से आम रस और लस्सी के नमूने तथा खंडेलवाल बेकरी हाउस से ब्रेड और मैदा के नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए।
भोपाल प्रयोगशाला भेजे गए नमूने
कार्रवाई के दौरान लिए गए सभी 13 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेज दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी सचिन लौंगरिया, आर.जी. माउता एवं सुभाष खेडकर सहित खाद्य सुरक्षा विभाग का अमला शामिल रहा।




