ब्यूरो रिपोर्ट: रहमान शाह मरावी
छिंदवाड़ा। कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर अमरवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों को गति देने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा जनहित के मुद्दों पर प्रभावी संघर्ष की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में उत्साह का संचार करते हुए कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ एवं पूर्व सांसद नकुलनाथ का मार्गदर्शन और सहयोग हमेशा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसजन जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएं और संगठन को गांव-गांव तथा बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज जल, जंगल और जमीन का मूल संरक्षक है तथा उसके सम्मान और अधिकारों की रक्षा कांग्रेस की प्राथमिकता रही है। श्री ओकटे ने कहा कि समाज के हितों की रक्षा और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
बैठक के दौरान उन्होंने बूथ कमेटियों, पंचायत कमेटियों एवं क्षेत्रीय संगठनात्मक इकाइयों की गतिविधियों की समीक्षा की तथा पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन, धरना-प्रदर्शन एवं जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर भी चर्चा की गई।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि संगठन का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांग्रेस की ताकत है तथा पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
बैठक में लाखन पटेल, अशोक तिवारी, गुरूचरण खरे, प्रमेन्द्र बंटी साहू, प्रशांत शर्मा, चम्पालाल कुर्चे, कल्याण सिंह पटेल, शैलेन्द्र जैन सहित अमरवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा संगठनों एवं विभाग-प्रकोष्ठों के जिला एवं ब्लॉक अध्यक्ष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




