ब्यूरो चीफ: बृजेश त्रिवेदी
कुरेड़ी (खण्डार), सवाई माधोपुर। जिले की अंतिम ग्राम पंचायत कुरेड़ी में मंगलवार रात जिला प्रशासन ने ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए रात्रि चौपाल का आयोजन किया। जिला कलक्टर काना राम के नेतृत्व में आयोजित चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सड़क, वन भूमि, अतिक्रमण, श्मशान घाट विकास एवं रास्तों से संबंधित कई समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला कलक्टर काना राम ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए गोबर खाद के अधिक उपयोग तथा रासायनिक उर्वरकों के कम प्रयोग की सलाह दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती न केवल भूमि की उर्वरता बढ़ाती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
चौपाल में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कुरेड़ी के मेधावी विद्यार्थियों अंशुल चौधरी एवं अभिषेक बैरवा का सम्मान किया गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सात टीबी रोगियों को निक्षय किट वितरित की गई। पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को मुख्यमंत्री मंगल पशु बीमा योजना की पॉलिसियां भी प्रदान की गईं।
कार्यक्रम के दौरान कृषि, पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी वर्षा मीणा, विकास अधिकारी जगदीश मित्तल, तहसीलदार जयप्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। चौपाल में 22 से अधिक परिवाद दर्ज किए गए, जिनके शीघ्र निस्तारण का प्रशासन ने भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने जिले के दूरस्थ क्षेत्र में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और समाधान के प्रयासों के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।




