ब्यूरो चीफ: सुरेश सैनी
झुंझुनूं, 4 जून। राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड जिला मुख्यालय झुंझुनूं एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन अभिरुचि कला कौशल प्रशिक्षण शिविर के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता सप्ताह के पांचवें दिन प्लास्टिक कचरे के पुनः उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “ईको ब्रिक्स” निर्माण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा के मुख्य आतिथ्य, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेश कुमार मील की अध्यक्षता तथा पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के कार्यकर्ता विजेंद्र कुमार के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्लास्टिक की खाली बोतलों में अनुपयोगी पॉलीथिन एवं अन्य प्लास्टिक कचरे को भरकर “ईको ब्रिक्स” तैयार किए गए। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य प्लास्टिक कचरे को खुले में फेंकने के बजाय उसका पुनः उपयोग कर पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाना है। उन्होंने बताया कि इन ईको ब्रिक्स का उपयोग बैठने की बेंच, फूलदान, छोटी दीवारों, पौधों के गमले तथा अन्य रचनात्मक कार्यों में किया जा सकता है।
सीओ स्काउट महेश कालावत ने बताया कि यह पहल प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का भी सशक्त माध्यम बन रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने घरों में उपयोग होने वाली प्लास्टिक की बोतलों और पॉलीथिन को एकत्रित कर ईको ब्रिक्स तैयार करें तथा स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण में सहयोग दें।
पर्यावरण प्रेमी एवं व्याख्याता विजेंद्र कुमार ने कहा कि यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति ऐसी छोटी-छोटी पहल करे तो प्लास्टिक प्रदूषण की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। यह अभियान “कचरे से संसाधन” की अवधारणा को साकार करते हुए पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राजेश कुमार मील ने कहा कि स्काउट-गाइड, शिक्षा विभाग, पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों से जुड़ी संस्थाओं एवं स्वयंसेवी संगठनों के माध्यम से आमजन को इस दिशा में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घर-घर में इस अभियान को पहुंचाकर झुंझुनूं जिले को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
ग्रीष्मकालीन अभिरुचि कला कौशल प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रही छात्राओं एवं महिलाओं ने प्लास्टिक बोतलों में पॉलीथिन भरकर इस अभियान की शुरुआत की। कार्यक्रम में विजेंद्र कुमार, रामसिंह कुलहरी, रामचंद्र मीणा, विजेता नेहरा, सुनीता बेनीवाल, मुकेश कुमार, रेणु सैनी, राज किरण, सुमित्रा सैनी, दिनेश कुमार, अमरचंद, सुरेंद्र किरोड़ीवाल सहित बड़ी संख्या में शिविरार्थी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण दिवस पर होंगे विविध आयोजन
सीओ स्काउट महेश कालावत ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर स्काउट-गाइड कार्यालय में निबंध, भाषण, चित्रकला, मुखौटा निर्माण, क्विज, सेमिनार, पौधारोपण, नाटक, सीड बॉल निर्माण, रैली एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति आमजन को जागरूक किया जाएगा।




