ब्यूरो रिपोर्ट: जतिंदर कुमार मित्तल
फरीदकोट, 2 जून।
फरीदकोट की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. प्रज्ञा जैन के लगभग 22 माह के कार्यकाल में जिले की पुलिस ने कानून-व्यवस्था, नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, साइबर अपराध नियंत्रण और जनहितैषी पुलिसिंग के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। 3 अगस्त 2024 को पदभार संभालने के बाद डॉ. जैन के नेतृत्व में फरीदकोट पुलिस ने अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए आम जनता का विश्वास मजबूत किया।
डॉ. प्रज्ञा जैन के कार्यकाल में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान के तहत 1572 मामले दर्ज किए गए और 2264 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान 49 किलो 524 ग्राम हेरोइन, 23 क्विंटल पोस्त, 84,302 नशीली गोलियां, 19 किलो 235 ग्राम अफीम तथा 742 ग्राम आइस ड्रग बरामद की गई। यह पिछले पांच वर्षों की तुलना में करीब साढ़े चार गुना अधिक हेरोइन बरामदगी का रिकॉर्ड है।
फरीदकोट पुलिस ने पाकिस्तान समर्थित ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए कई बड़ी कार्रवाईयों को अंजाम दिया। नशा तस्करों की 9 करोड़ 62 लाख रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति फ्रीज करवाई गई, जो जिले के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
पंजाब सरकार की सेफ पंजाब हेल्पलाइन पर प्राप्त 1323 शिकायतों की जांच के बाद 583 मुकदमे दर्ज किए गए तथा 656 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गैंगस्टर और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत 112 सक्रिय गिरोहों से जुड़े 522 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। आर्म्स एक्ट के तहत 41 मामले दर्ज कर 95 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा 74 पिस्टल सहित बड़ी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। फिरौती के 17 मामलों को भी सफलतापूर्वक ट्रेस कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया गया।
एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के कार्यकाल में जिले की अपराध दर में वार्षिक औसत के मुकाबले 30 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। चोरी के मामलों में रिकवरी दर 32.4 प्रतिशत से बढ़कर 72.8 प्रतिशत तक पहुंच गई। वर्ष 2025 में स्नैचिंग और लूट के मामलों में लगभग 97 प्रतिशत रिकवरी दर्ज की गई। इसके अलावा पांच ब्लाइंड मर्डर मामलों का भी सफल खुलासा किया गया।
साइबर अपराधों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने साइबर ठगी के पीड़ितों को लगभग 1.58 करोड़ रुपये वापस दिलवाए। साथ ही 515 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे गए।
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिले भर में विशेष समाधान शिविर आयोजित किए गए। डॉ. जैन के कार्यकाल के दौरान कुल 14,696 शिकायतों का निस्तारण किया गया। वर्ष 2025 में 2060 मामलों का सफल निपटारा कर नया रिकॉर्ड स्थापित किया गया।
पुलिस आधुनिकीकरण और कर्मचारी कल्याण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य हुए। फरीदकोट में अत्याधुनिक साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, हाईटेक कॉन्फ्रेंस हॉल और 250 लोगों की क्षमता वाला ब्रीफिंग हॉल बनाया गया। सभी थानों और चौकियों को आधुनिक तकनीकी उपकरणों से सुसज्जित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को 232 डीजीपी डिस्क, 151 प्रशंसा पत्र, 8000 से अधिक सम्मान पत्र तथा 13 लाख रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार प्रदान किए गए।
अपने विदाई संदेश में डॉ. प्रज्ञा जैन ने फरीदकोट की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि जनता का पुलिस पर बढ़ा विश्वास है। उन्होंने कहा कि फरीदकोट केवल उनकी तैनाती का जिला नहीं, बल्कि उनके दिल के बेहद करीब रहने वाली जगह बन गया है। यहां की जनता का प्रेम, सहयोग और सम्मान वह जीवनभर याद रखेंगी।
डॉ. जैन ने पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, जिला प्रशासन, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों, मीडिया और आम नागरिकों का धन्यवाद करते हुए कहा कि फरीदकोट पुलिस की सभी उपलब्धियां सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी फरीदकोट पुलिस इसी समर्पण और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करती रहेगी।




