ब्यूरो चीफ: विनीत सिंह, सीतापुर
रेउसा (सीतापुर)। विकास खंड रेउसा की ग्राम पंचायत ईरापुर सुतौली में पंचायत भवन के एक कमरे पर लंबे समय से बने कब्जे को लेकर ग्राम पंचायत प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ग्राम प्रधान ने उपस्वास्थ्य केंद्र में तैनात एक स्वास्थ्य कर्मी को नोटिस जारी कर पंचायत भवन का कमरा खाली करने तथा उस पर लगाए गए ताले को हटाने के निर्देश दिए हैं।
ग्राम पंचायत द्वारा जारी नोटिस में बताया गया है कि संबंधित स्वास्थ्य कर्मी को पूर्व में अस्थायी रूप से पंचायत भवन में कार्य संचालन हेतु स्थान उपलब्ध कराया गया था। उस समय उपस्वास्थ्य केंद्र का भवन निर्माणाधीन था, लेकिन अब स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए अलग भवन उपलब्ध है। इसके बावजूद पंचायत भवन का एक कमरा अभी भी उनके कब्जे में बना हुआ है।
ग्राम पंचायत प्रशासन के अनुसार पंचायत भवन के सभी कमरों का उपयोग विकास योजनाओं के संचालन, बैठकों, अभिलेखों के रखरखाव तथा अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए किया जाता है। ऐसे में एक कमरे का लंबे समय तक बंद रहना पंचायत के नियमित कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहा है।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित कर्मचारी को कई बार मौखिक रूप से कमरा खाली करने के लिए कहा गया था, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। हाल ही में किए गए निरीक्षण के दौरान भी कमरे पर ताला लगा पाया गया।
ग्राम प्रधान ने इसे शासकीय कार्यों में व्यवधान और अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए निर्देश दिए हैं कि नोटिस प्राप्त होने के तीन दिनों के भीतर पंचायत भवन का कमरा खाली कर इसकी सूचना ग्राम पंचायत कार्यालय को दी जाए। निर्धारित अवधि में कार्रवाई न होने की स्थिति में मामले को कर्मचारी की सहमति से की जा रही अनियमितता मानते हुए उच्च अधिकारियों को अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी।
इस संबंध में नोटिस की प्रतिलिपि खंड विकास अधिकारी रेउसा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सीतापुर, सहायक विकास अधिकारी तथा अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेउसा को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजी गई है। पंचायत प्रशासन के इस कदम को स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




