ब्यूरो चीफ: विनीत सिंह
तंबौर/बेहटा (सीतापुर)। विकास खंड बेहटा के ब्लॉक सभागार में बुधवार को जनहित प्रेस पत्रकार एसोसिएशन की द्वितीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकार हितों तथा संगठनात्मक मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष अरविंद सिंह चौहान ने कहा कि जनहित प्रेस पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के सुख-दुख में सदैव उनके साथ खड़ा रहने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि यह संगठन एक परिवार की तरह कार्य करता है, जिसमें सभी सदस्य समान हैं और किसी प्रकार का भेदभाव नहीं है। संगठन की मजबूती और विस्तार के लिए सभी पत्रकारों को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन के विस्तार पर विशेष जोर देते हुए पत्रकारों से अधिक से अधिक साथियों को जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर 15 पत्रकारों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण कर संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में संरक्षक रमाकांत शुक्ला, प्रदेश सचिव शिवकुमार जायसवाल, अखिलेश मिश्र, शैलेंद्र मिश्रा, सर्वेश कुमार शुक्ला, नरेंद्र सिंह, मान सिंह, शुभकरन मौर्य, विनीत तिवारी, सुनील अवस्थी, अजय शाक्य, राजू पाण्डेय, मणिकांत शुक्ल, सत्यम अवस्थी, राजकिशोर राज, ब्रजेश राज, शमशेर अली, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में संगठन की मजबूती, पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।




