जिला ब्यूरो: असलेखा चौरिया
छिंदवाड़ा, 4 जून। जिले के मोहखेड़-उमरानाला क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान करीब 75 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार अवैध रेत परिवहन की जांच के दौरान नायब तहसीलदार और उनके चालक को आरोपियों द्वारा रोककर अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप है कि आरोपियों ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध गतिविधियों में प्रयुक्त वाहन और अन्य संपत्ति जब्त की। जब्त संपत्ति में डंपर, थार वाहन सहित अन्य संसाधन शामिल हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और अवैध खनन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, रेत परिवहन तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




