ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
जयपुर/नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। करीब ढाई घंटे तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद प्रदेश की राजनीति में चर्चाओं और कयासों का दौर तेज हो गया है। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को राजस्थान की आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पिछले तीन महीनों में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रधानमंत्री मोदी से यह तीसरी मुलाकात है। ऐसे में प्रदेश में संभावित मंत्रिमंडल विस्तार, विभागों में फेरबदल और संगठनात्मक बदलावों को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव, पंचायत चुनाव और निकाय चुनावों की रणनीति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई हो सकती है।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और दृष्टिकोण की सराहना करते हुए कहा कि युवा, महिला, किसान और अंत्योदय के प्रति प्रधानमंत्री का समर्पण तथा विकसित भारत-2047 के निर्माण का उनका संकल्प देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के प्रति प्रधानमंत्री का विशेष स्नेह और आत्मीय जुड़ाव प्रदेश के विकास को नई गति प्रदान कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राजस्थान आधारभूत संरचना, निवेश, जल प्रबंधन, महिला सशक्तीकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
इस मुलाकात को लेकर भले ही आधिकारिक रूप से बैठक के एजेंडे का खुलासा नहीं किया गया हो, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में इसके प्रभाव देखने को मिल सकते हैं।
राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की इस लंबी बैठक के बाद राजस्थान भाजपा और सरकार में क्या नए समीकरण सामने आते हैं।




