ब्यूरो रिपोर्ट: महेश पांडुरंग शेंडे
गढ़चिरौली, महाराष्ट्र। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर गढ़चिरौली पुलिस द्वारा स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक एम. रमेश की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में 150 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, वरिष्ठ नागरिकों और स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली का शुभारंभ पुलिस परेड ग्राउंड से हुआ, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए इंदिरा गांधी चौक तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने फिटनेस, स्वच्छ पर्यावरण और साइकिल के नियमित उपयोग का संदेश आमजन तक पहुंचाया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक एम. रमेश के साथ जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाडे सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल रहे। रैली के समापन के बाद ‘शहीद पांडु आलाम सभागार’ में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें साइकिल के महत्व और इसके सामाजिक-पर्यावरणीय लाभों पर चर्चा की गई।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने नागरिकों से दैनिक जीवन में साइकिल के अधिकाधिक उपयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमित साइकिल चलाने से शारीरिक फिटनेस और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। साथ ही यह प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी दूरियों के लिए साइकिल का उपयोग अपनाकर लोग न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण के निर्माण में भी योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने “एक दिन साइकिल के लिए… स्वस्थ जीवन भर के लिए” का संदेश देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।




