ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक
भीलवाड़ा, 4 जून। जिले में एक महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों ने सनसनी फैला दी है। 35 वर्षीय पीड़िता ने एक युवक और उसके परिजनों के खिलाफ नौकरी दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी, आर्थिक शोषण, जबरन निकाह, कथित धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने पहले उसे नौकरी दिलाने का भरोसा देकर अपने संपर्क में लिया। इसके बाद विश्वास में लेकर कथित रूप से उसका शोषण किया गया और विभिन्न तरीकों से ब्लैकमेल कर आर्थिक एवं मानसिक दबाव बनाया गया। महिला का कहना है कि उस पर जबरन निकाह करने तथा धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला गया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने उससे लाखों रुपये की नकदी और कीमती जेवरात भी हड़प लिए। विरोध करने पर उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया। लंबे समय तक उत्पीड़न झेलने के बाद महिला ने पुलिस की शरण ली और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक सागर राणा ने बताया कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष और गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों का भी परीक्षण किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।




