ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलियाकलां थाना पुलिस ने मंगलवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए एक डंपर और एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
थानाधिकारी राजकुमार नायक ने बताया कि पुलिस टीम ने केकड़ी रोड स्थित खारी नदी क्षेत्र में दबिश देकर अवैध बजरी से भरे एक डंपर को जब्त किया। इसी क्रम में दूसरी कार्रवाई कनेछन कलां के समीप की गई, जहां बजरी परिवहन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया गया।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान दोनों वाहनों के चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। जब्त किए गए डंपर एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली को थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। फरार चालकों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।
थानाधिकारी नायक ने कहा कि अवैध खनन और बजरी परिवहन के विरुद्ध पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। ऐसे मामलों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी तथा अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध बजरी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।




