ब्यूरो रिपोर्ट: राजेन्द्र खटीक, शाहपुरा
बढ़ती महंगाई, अघोषित बिजली कटौती, पेयजल संकट और अन्य स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बनेड़ा ने उपखंड मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर महामहिम राज्यपाल के नाम उपखंड अधिकारी बाबूलाल वर्मा को ज्ञापन सौंपा। विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर एवं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नारायण लाल गाडरी के संयुक्त नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार से त्वरित राहत प्रदान करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि देश और प्रदेश में लगातार बढ़ रही महंगाई ने आमजन का जीवन कठिन बना दिया है। गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सभी वर्ग बढ़ती कीमतों की मार झेल रहे हैं। रसोई गैस, खाद्य तेल, दालें, दूध तथा अन्य आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ने से घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बीच क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और पेयजल संकट ने जनता की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। कई क्षेत्रों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने तथा बार-बार बिजली बाधित रहने से लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने मांग की कि बिजली और पानी की समस्या का तत्काल समाधान किया जाए।
ज्ञापन में किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। नेताओं ने कहा कि रासायनिक खाद, बीज, कीटनाशक और कृषि उपकरणों की कीमतों में लगातार वृद्धि से खेती की लागत काफी बढ़ गई है, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। वहीं पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की बढ़ती कीमतों के कारण परिवहन लागत बढ़ने से सभी आवश्यक वस्तुओं के दाम प्रभावित हो रहे हैं।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि एक ओर रोजगार के अवसर कम होते जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर महंगाई ने आम नागरिकों की क्रय शक्ति को कमजोर कर दिया है। ऐसे में सरकार को आमजन को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नारायण लाल गाडरी ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग आर्थिक दबाव में हैं, जबकि बिजली और पानी की समस्याएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बनेड़ा जनहित में व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान विधानसभा प्रत्याशी नरेंद्र कुमार रैगर, ब्लॉक अध्यक्ष नारायण लाल गाडरी, कांग्रेस संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।




